Posts tagged vedant

जागो

आपने स्वप्न में क्या नहीं देखा! सब कुछ देखा पर झूठा देखा! पर वह कब समझ आया? जब जग गए! अब क्या करना है? यह जो इस समय देख रहे हो जागृत में, यह सब स्वप्न है !सब सपना है! सब सपना है !सत्य केवल आत्मा, दृष्टा मैं हूं! यह जागृत में स्मरण करो!
दृष्टा सत्य है, दृश्य स्वप्न है। यद्यद द्रष्टं तद्तद अनित्यम्।। जो जो दिखाई देता है अनित्य है। जो दिखता है सब मिथ्या है, सब झूठ है। जो जो मालूम पड़ता है सब झूठा है आत्मा के सिवाय, ऐसा ध्यान करो। यह एक विधि है ध्यान की। फिर दोहरा दे……. सुविधा के लिए आकाश का ध्यान करो, पिता का ध्यान करो, गुरु का ध्यान करो, राम भगवान, कृष्ण भगवान का ध्यान करो। दूसरा नींद का ध्यान करो, तीसरा स्वप्न का ध्यान करो। सब कुछ देखा था पर कोई सच था क्या? अभी जो देख रहे हो सब सपना है। आखरी स्टेज होती है, लोग पूछते हैं, हमसे भी पूछते हैं, यह तो कुछ कुछ समझ जाता है कि हम दृष्टा है, पर हम ब्रह्म हैं यह समझ नहीं आता और स्वप्न और जागने की पहचान क्या है? स्वप्न में एक भी व्यक्ति ऐसा नहीं है जो स्वप्न में स्वप्न  का दृष्टा ना हो। स्वप्न में दृष्टा है तभी तो स्वप्न देख रहा था। स्वप्न के दृष्टा तुम ही थे पर स्वप्न में तुम्हें सबके दृष्टा हो यह नहीं पता था। तुम देख तो रहे थे, अभी भी देख रहे हो ना? मुझे देख रहे हो, पंडाल देख रहे हो, प्रयागराज देख रहे हो। देख तो रहे हो! ऐसे ही स्वप्न में देख रहे थे पर स्वप्न में बहुत चेतन थे, अनेकों चेतन थे, अनेकों दृष्टा थे, अनेकों व्यक्ति थे, और मैं भी था। इतने सत्य थे पर जागे तो पता चला कि केवल मैं सत्य था और सब सपना था । कब पता चला? जागने पर!! इसलिए जाग कर समझना ज़रूरी है। जागो और जागे हुए ही सोचो की सच में तुम्हें क्या लगता है, क्या सच है अंततः तुम्हें यही मिलेगा।

आवश्यकता और चाह

रोटी के लिए भटकने वाला भिखारी नहीं है, वह आवश्यकता है, पर जो सुख के लिए भटकते हैं वह सब भिखारी है। और कौन है ऐसा इस धरती पर जो सुख के लिए भागा नहीं फिरता! कम से कम सुख तो हमारा हो “निज का”! 
निज सुख बिन मन रहइ कि थीरा ।
परस कि होय विहीन समीरा ।। 

रोटी के लिए भटको, ठंडी में कपड़े के लिए भटको, नहीं है तो मांग लो। जब आवश्यकता के लिए भटकना पड़े तो कोई बात नहीं पर सुख के लिए भागना पड़े यहां नहीं वहां, वहां नहीं वहां, तो कम से कम इस पावन पर्व पर, तीर्थराज प्रयाग पर ऐसे आनंद के धनी होकर जाओ कि हम आनंद के लिए नहीं भटकेंगे। आनंद तो हमारा है!
प्रारब्धवश रोटी के लिए भटकना पड़ सकता है, किसी का कमाने वाला पति न रहा, कमाने वाला बेटा न रहा, तो मांगना पड़ सकता है, लेकिन आनंद के लिए तो किसी को नहीं भटकना चाहिए। तो यहां से आनंद के धनी हो कर जाओ! मालामाल हो कर जाओ! कम से कम हमें शांति और आनंद के लिए भटकना ना पड़े! तो यह गहरी नींद का स्मरण, यह भी एक ध्यान है। दूसरा हमने कहा –  स्वप्न निद्राsलंबनम् वा तो स्वप्न का भी आलंबन लो ध्यान के लिए। स्वप्न में क्या क्या देख रहे थे और सच्चा समझ रहे थे? तो अब क्या करो? जगत को भी जैसे स्वप्न में सब कुछ दिख रहा था, इस समय भी सब कुछ दिख रहा है। जाग्रत में सब दिख रहा है। यह मत सोचो कि ना दिखे। ना दिखे वह नींद वाली बात है। नींद की एक चीज ले लो, कोई कमी नहीं ,कोई कामना नहीं। सपने में क्या है? सब कुछ देख रहे थे पर पता नहीं था कि यह झूठा है! अब इस समय जो देख रहे हो यह  सब स्वप्न है। देह, यह मेरे तेरे, सब सपना! स्वप्न में क्या नहीं देखा! सब कुछ देखा पर झूठा देखा! पर वह कब समझ आया? जब जग गए! अब क्या करना है? यह जो इस समय देख रहे हो जागृत में, यह सब स्वप्न है! सब सपना है! सब सपना है! सत्य केवल आत्मा, दृष्टा मैं हूं! यह जागृत में स्मरण करो! यही सत्य है।

एक ही रास्ता

इस मैं-मैं के ख्याल को छोड़ना है। भले ही यह ख्याल रोज पैदा हो। तब भी यही समझो कि यह ख्याल है । यह ख्याल मैं नहीं। ‘यह मेरा’ भी ख्याल है। “मैं अरु मोर तोर तैं माया।” हर एक का मैं है और मेरा है। और जिसके पास मैं है, मेरा है उसकी समझ में कोई तू भी है और तेरा भी है। ये मेरा-तेरा, मैं और मेरा, तू और तेरा ये दोनों ही माया हैं। इतना है माया- “मैं अरु मोर तोर तैं।” इसके अलावा कोई तुम्हें मिले तो वह ब्रह्म है। इतना ख्याल छोड़ कर यदि कुछ बचता हो और वह तुम्हें मिल जाए तो उसी का नाम पर ब्रह्म है। और वह हर मैं और तू के बीच में छिपा है। मैं में, तू में वह छुपा है जैसे, लहर में पानी, गहनों में सोना, औजारों में लोहा। गहनों में सोना है नहीं कि छिपा है? गहना दिखने लगता है, औजार दिखने लगता है, मैं लगने लगता है, ब्रह्म छिप जाता है। इसलिए- गूढ़उ आत्मा न प्रकाशते

आत्मा छिपी हुई है, अहंकार स्पष्ट है। इसलिए कोई भी धैर्यवान व्यक्ति जल्दबाजी न करें। धैर्य चाहिए। समझ गए हो तो भी समझो। कहीं जल्दबाजी में न समझ लेना। हम जल्दी समझने को बुरा नहीं मानते पर जल्दी में ज्यादातर गलत ही समझा जाता है। सही भी समझोगे तो भी गलत ही समझोगे। तुम क्यों ब्रह्म हो? देह हो इसलिए ब्रह्म हो? तुम अपने को देह मानते हुए ब्रह्म कह रहे हो कि देह अभिमान छोड़ कर कह रहे हो? देहाभिमाने गलिते, देह गलिते नहीं कहा। यदि देह गल जाएगा, तो फिर सुनेगा कौन? यदि मैं ही नहीं होगा तो सुनेगा कौन? इसलिए-
देहाभिमाने गलते विज्ञाते परमात्मनि।यत्र यत्र मनोयाति तत्र-तत्र समाधयाः।। (सरस्वती रहस्योपनिषद्) (देहाभिमान के नष्ट हो जाने और परमात्मा का ज्ञान होने पर जहाँ-जहाँ मन जाता है, वहीं-वहीं परम अमृत्व का अनुभव होता है।)
भिद्यतेह्रदयग्रन्थिश्छिद्यन्ते सर्वसंशयाः।
क्षीयन्तेचास्य कर्माणितस्मिन्दृष्टे परावरे।।(मुण्डकोपनिषद् 2.2.8)
( उस परब्रह्म को तत्वतः जान लेने पर मनुष्य की हृदयग्रन्थि खुल जाती है, सारे संशय नष्ट हो जाते हैं और उसके संपूर्ण कर्म क्षीण हो जाते हैं।)
उसके बिना देखे ग्रंथि नहीं कटती निर ग्रंथ ग्रंथ मुक्त नहीं होता इसलिए- तमेव विदित्वातिमृत्युमेति नान्यः पन्था विद्यतेऽयनाय। (श्वेताश्वतरोपनिषद् 3.8)। (उसे जानकर ही साधक मृत्यु के चक्र को पार कर सकता है अमरत्व प्राप्ति के लिए इसके अतिरिक्त कोई अन्य मार्ग नहीं है।)

यदि अन्य रास्ते तुम्हें लगते हैं तो यह नहीं है कि वहाँ नहीं हैं। जहाँ तुम हो वहाँ से बहुत रास्ते हैं पर जब पहुँच जाओगे तो पता चलेगा कि सब रास्ते आगे चलकर किसी एक में ही मिल जाते हैं। जैसे, वर्षा का पानी पहले इकट्ठा होकर नालियों में जाता है, फिर नालियों का पानी नदी में जाता है। नदी का पानी महानदी में और महानदी का पानी सागर में जाता है। सागर को कौन मिलता है, क्या सीधा नाली मिलती है? नहीं। तो फिर नाली को क्या जिद्द करनी चाहिए कि हम तो डायरेक्ट सागर से ही मिलेंगे? यहाँ हम यह नहीं कहते कि और कोई रास्ता नहीं है लेकिन और सब रास्ते ज्ञान में ले जाएंगे। इसलिए ज्ञान ही एक साक्षात् रास्ता है ब्रह्म होने का। तमेव विदित्वातिमृत्युमेति नान्यः पन्था विद्यतेऽयनाय। लेकिन यह भी है कि और रास्ते मानोगे तो वेद का विरोध होगा और अन्य रास्ते नहीं मानोगे तो पहुँचोगे ही नहीं ।

मांडुक्योपनिषद

वेद में तीन कांड है, एक का नाम है कर्मकांड, दूसरा है उपासना कांड, तीसरा है ज्ञान कांड। कर्मकांड में यदि हम विधि से ना करें तो पुण्य की जगह पाप भी हो जाता है। इसलिए कर्मकांड में बहुत ध्यान रखना चाहिए। विधि का पालन करना चाहिए। उदाहरण में एक यह भी कर्मकांड ही है, जब आप पैर छूते हैं तो चलते में, लेटे में, पूजा पाठ करते में, भोजन करते में, छूकर प्रणाम नहीं करना चाहिए, दूर से हाथ जोड़ लेना चाहिए। यदि आप चलते में करते हैं तो पुण्य नहीं है,पाप है। ऐसा ही दान करने में यदि पात्र को दान नहीं देते तो भी पाप लगेगा। नशेड़ी को आप दान दे रहे हैं इसका मतलब नशा पीने के लिए आप सहयोग दे रहे हैं तो यह पाप है। दान देने में भी पाप लग जाता है। यती को स्वर्ण दान देना पाप है। सन्यासी को स्वर्ण दान नहीं करना चाहिए। यतय: कांचनं दत्वा तंबुलं ब्रह्मचारिणो। ब्रह्मचारी को पान देना पाप है और चोर बदमाश को अभय दान देना कि तुम चिंता मत करो हम संभाल लेंगे। अभय दान किसको देना? अर्थ दान किसको देना और…. नमस्कार भी किसको करना? यदि आप दुष्ट को नमस्कार करते हैं, सम्मान देते हैं, इसका मतलब गलत आदमी को बढ़ावा देते हैं। सम्मान भी संभल कर देना चाहिए। तो दान के लिए भी नियम है। नमस्कार के लिए भी नियम है ।

अभय दान किसको देना? अर्थ दान किसको देना और…. नमस्कार भी किसको करना? यदि आप दुष्ट को नमस्कार करते हैं, सम्मान देते हैं, इसका मतलब गलत आदमी को बढ़ावा देते हैं। सम्मान भी संभल कर देना चाहिए। तो दान के लिए भी नियम है। नमस्कार के लिए भी नियम है। हमको खुद भी नहीं पता था पर बहुत माताएं पुरुषों से ज्यादा जानती है। अभी भी कई माताएं है, यदि हम लेटे हैं तो कहती है स्वामीजी बैठ जाओ! तो पहले मैं नहीं समझा कि क्यों कहती है। हमने कहा क्यों? तो कहती है हमें प्रणाम करना है क्योंकि लेटे में प्रणाम नहीं करना चाहिए। ऐसे ही हम चलते हो तो या तो कहो कि स्वामी जी जरा रुक जाओ, हम रुक जाए तो प्रणाम करो! चलते में नहीं करना चाहिए। तो अभिप्राय है कर्मकांड में विधि का महत्व है। और यह प्रयागराज है, इसमें भी……  विधिनिषेधमय कलीमलहरणी कर्म कथा रविनंदिनी बरनी।। 
कर्म की कथा में विधि और निषेध है। यह करना है कि नहीं करना! अर्जुन को लगा ‘मैं लड़ूंगा तो पाप लगेगा’। अब भगवान ने कहा ‘नहीं तुम्हें पाप नहीं लगेगा!’ इसके लिए गीता सुनानी पड़ी अर्थात क्षत्रिय का कर्तव्य है कि ऐसी परिस्थिति हो तो युद्ध करना। सेना में लोग भर्ती है, यदि युद्ध के समय कहने लगे कि हिंसा हो जाएगी तो…..! वे युद्ध करेंगे तो वह युद्ध करना पाप नहीं है। और कोई रोज गीता पढ़ के घर में ही लड़ने लग जाए तो? इसलिए युद्ध करना भी कब, किसे पाप है, किसे पाप नहीं है (यह समझें)। गृहस्थ धर्म है परिवार का पालन करना,नहीं करता तो पाप लगता है। आप बच्चों को पैदा कर दिया और कर्तव्य का पालन नहीं करते हो तो ठीक नहीं। अर्थात् गृहस्थ का एक धर्म है, सन्यासी का एक धर्म है। अब यहां सब का एक ही धर्म नहीं है, सन्यासी का दूसरा धर्म है, गृहस्थ का अलग धर्म है, ब्रह्मचारी का अलग है। इसलिए ब्रह्मचर्य, गृहस्थ, वानप्रस्थ, सन्यास यह आश्रम है। किस आश्रम वाले को क्या करना चाहिए, ब्रह्मचारी को क्या करना है क्या नहीं करना है, गृहस्थ को क्या करना है क्या नहीं करना है, इसी तरह से सन्यास में भी। इसलिये कोई भी  आश्रम सोच समझकर ग्रहण करना चाहिए। सबको सन्यास नहीं लेना चाहिए । जिस धर्म के लिए हम ईमानदार ना हो उस धर्म का ग्रहण नहीं करना चाहिए।

कोई भी  आश्रम सोच समझकर ग्रहण करना चाहिए। सबको सन्यास नहीं लेना चाहिए। जिस धर्म के लिए हम ईमानदार ना हो उस धर्म का ग्रहण नहीं करना चाहिए। यहां तक दीक्षा में भी यही है। मुझे स्मरण हैं मेरे बड़े भाई को किसी ने कहा ‘दीक्षा ले लो मेरे गुरुदेव से, तो उन्होंने कहा’ अभी हम नहीं लेंगे अभी हमसे नियम का पालन नहीं होगा, इसलिए अभी हम नहीं लेंगे’। तो आप मंत्र को नहीं समझते। तो यह  सन्यास के ही लिए नहीं है मंत्र लेने के लिए भी है। जो गुरु की आज्ञा नहीं मान सकता, उनके बताए नियम का पालन नहीं करता उसे दीक्षा नहीं लेना चाहिए। तो उद्देश्य है…..विधिनिषेधमय कलीमलहरणी कर्मकथा रविनंदिनी बरनी।। तो एक तो जमुना नदी है और दूसरी यहां गंगा है भक्ति की तरह। भगवान की कथा, उपासना, भक्ति यह गंगा है, कर्म जमुना है, और ब्रह्मज्ञान सरस्वती है ब्रह्म की चर्चा। तो…. अभी यहां पर इकट्ठे हुए हो तो वैसे भी यहां गंगा, जमुना, सरस्वती का संगम है और सत्संग में भी है। क्या करना ,क्या नहीं करना, यह सीख के पालन करो तो जमुना हो गई, भगवान की चर्चा भगवान का ध्यान-भजन ,जाप करते हो तो यह गंगा हो गई और ब्रह्म की कथा जब सुनोगे तो सरस्वती हो गई । तो दोनों तरह का इस समय यहां संगम है। कथा में भी प्रयागराज होता है और इस समय  दो प्रयागराज चल रहे हैं। वैसे भी प्रयागराज में हो और सत्संग का भी प्रयागराज है। यहां जिन्हें ब्रह्मज्ञान चाहिए वह भी मिलेगा, कर्मकांड आदि चाहिए तो वह भी मिलेगा और भगवान की उपासना भी।

उपासना के लिए भी एक सूत्र है ध्यान का। हम ध्यान कई तरह से कर सकते हैं, पिता का ध्यान, गुरु का ध्यान, प्रकाश का ध्यान, आकाश का ध्यान, भगवान राम का ध्यान, कृष्ण का ध्यान, यह साकार ध्यान है, यह हम सब कर सकते हैं। और…. सुषुप्ति का ध्यान, स्वप्न का ध्यान ‘स्वप्ननिद्रालंबनं वा’ स्वप्न और निद्रा का आलंबन करके ध्यान कर सकते हो। सहारा लेकर, आलंबन माने सहारा लेकर। तो नींद का सहारा ध्यान में लो। तो…. गहरी नींद का क्या सहारा है? नींद में आपको कौन सा दुख था? नींद में आपको कौन सी चिंता थी? नींद में गहरे में कौन सी कामना थी? अर्थात् गहरी नींद आपका अनुभव है और जिसका अनुभव है उसका ध्यान आसान है। ऐसा एक भी नहीं आया होगा शरीरधारी जिसको नींद का पता ना हो। ऐसा अनुभव तुम्हें जीवन में हुआ है जब तुम्हें दुख ना था, चिंता न थी, कामना न थी? और वह कब अनुभव हुआ? बोलो! गहरी नींद में यह अनुभव सबको प्राप्त हो गया है जहां तुम्हें कोई कामना नहीं है, जहां कोई भय नहीं था, जहां कोई चिंता नहीं थी, कुछ नहीं चाहते थे, यहां तक गलती का भय भी नहीं था। कोई गलती हो जाए तो डर लगता है पर गहरी नींद में डर नहीं था। (गहरी नींद) अनुभूत सत्य है जहां तुम्हें कोई भय नहीं था ।आप नहीं कह सकते कि हमें पता नहीं है। वहां कोई कामना नहीं थी । भगवान बड़ा कृपालु है, तुमको भेंट में गहरी नींद दे दी है। चाहो तो आप उसका सहारा ध्यान में ले सकते हो अर्थात् नींद के लक्षण ध्यान में ले आओ, पूरा स्मरण नींद का करो। आप क्या चाहते थे? क्या कमी थी ? क्या भय था ? तो……. ध्यान में बैठकर गहरी नींद की याद करो जहां तुम्हारे पास कोई दुख चिंता भय नहीं  । और इसको ( बुद्धि की अवस्थाएं) समझना हो तो मांडुक्योपनिषद जरूर पढ़ो। मांडुक्योपनिषद मनुष्य जीवन का चित्रण है और मांडुक्योपनिषद मनुष्य मात्र के लिए है चाहे कोई मुस्लिम है ,चाहे कोई इसाई है, चाहे कोई हिंदू है ,चाहे किसी वर्ण और आश्रम का है।

मांडुक्योपनिषद मनुष्य जीवन का चित्रण है और मांडुक्योपनिषद मनुष्य मात्र के लिए है चाहे कोई मुस्लिम है ,चाहे कोई इसाई है, चाहे कोई हिंदू है ,चाहे किसी वर्ण और आश्रम का है। मांडुक्योपनिषद मनुष्य मात्र के लिए है और मनुष्य मात्र की तीन अवस्थाएं होती है- जाग्रत, स्वप्न ,सुषुप्ति। तो एक तो गहरी नींद का स्मरण करना ध्यान है। स्मरण करो गहरी नींद में क्या था! धीरे-धीरे होश पूर्वक नींद में प्रवेश करो। बहुत पहले जब मैं ध्यान कराता था तो यह लाइन जरूर बोलता था –  ‘सब प्रपंच निज उदर मेलि  सोवे निद्रा तजि योगी।।’ 
इस लाइन को याद रखो, सब प्रपंच जैसे नींद में कोई प्रपंच नहीं था, सब प्रपंच निज उदर मेलि सोवे निद्रा तजी…. निद्रा तज कर सो गए, बिना नींद के सोए जैसा हो जाए, नींद के बिना सोवे, होश में सोए जैसा हो जाए और धीरे-धीरे चलते फिरते भी अंतः चेतना में सोए जैसा हो जाए। ना कोई कामना है ना कोई भय है! इसलिए भगवान ने गीता में कहा-  विहाय कामान् य: सर्वान् पूमान्श्चरति निस्पृह:।।
सभी कामनाएं छोड़कर विचरण करें । नींद में कोई कामना थी क्या? नहीं! तो जागृत में भी कामना रहित …..कुछ नहीं पाना !स्वर्ग नहीं पाना !थोड़ा समझ लिया हो तो अमर नहीं होना क्योंकि (अमर) हो ! सुख नहीं ढूंढना क्योंकि सुख स्वरूप हो ! सुख स्वरूप होकर सुख को भूल गए और भटक रहे हो सुख के लिए? रोटी के लिए भटकने वाला भिखारी नहीं है, वह आवश्यकता है ,पर जो सुख के लिए भटकते हैं वह सब भिखारी है। और कौन है ऐसा इस धरती पर जो सुख के लिए भागा नहीं फिरता! कम से कम सुख तो हमारा हो “निज का”!

मैं मैं ..

जिसको तुम बुद्धि कहते हो उसको योग वशिष्ठ कहती है- पहले इस पशु बुद्धि का त्याग करो। आप पशु हो क्या ? यदि तुम मानते हो कि मैं मर जाऊंगा तो तुम अपने को कुछ भी मानो, लेकिन जानवर ही हो। मानते रहो, तुम अपने को पंडित मानते रहो, अपने को कथाकार मानते रहो, अपने को विद्वान मानते रहो। भले ही समाज में पूजे जाओ पर तुम अभी भी जानवर ही हो । इसलिए इस पशु बुद्धि का त्याग करो कि तुम शरीर हो। दर्द दूर करो नहीं कहा। कोई दर्द नहीं है, आराम से लेटे हुए हो। लेटे हुए हो कि जाग रहे हो? कौन हो तुम? तुम चेतन हो कि शरीर हो? कभी आपको उत्तर सही मिला? इसलिए ‘कश्चिद्धीरः’ कोई धीर पुरुष सहज अनुभवों को लात मारकर, सहज अनुभव जो हो रहे हैं उनको उपेक्षित करके, नेति- नेति कहकर, ‘नेदं यदिदमुपासते’ यह मैं नहीं हूँ,यह मेरा दृश्य है, ये मेरी इंद्रियाँ हैं, यह मेरा मन है, यह मेरी बुद्धि है, फिर मैं कौन हूँ? यह मेरी-मेरी जिससे उठता है, यह मैं क्या चीज है ? और ये ‘मैं’ भी कितनी देर का मेहमान है? कितनी देर यह मैं-मैं बकरे वाली रहती है? भक्ति शास्त्र वाले ही बताते हैं कि बकरी जीवन भर मैं-मैं-मैं बोलती है। जब मर जाती है तो फिर उसकी ताँत बनती है फिर धुनकी में धुनने में लगती है। फिर तुं तुं तुम् बोलती है। जिंदा में मैं मैं मैं …बोलती है । और मरे में तुम् तुम् बोलती है।

आप तो मरे में भी बोलने वाले नहीं हो। इसलिए देह रहने दो, पर देह बुद्धि का त्याग करो । हमें मालूम है कि तुम पत्नी त्यागने को तैयार हो, अपना घर त्याग ने को तैयार हो; पर ‘यह मेरा है’, यह छोड़ने को तैयार नहीं हो। मुझे मालूम है कि तुम छोड़ने के बाद कहोगे कि इतना मैंने छोड़ा है । जब तेरा है ही नहीं तो छोड़ेगा क्या ? छोड़ने का मतलब है कि अभी तूने ‘मेरा‘ नहीं छोड़ा। यदि ‘यह मेरा’ छोड़ा होता तो छोड़ा क्या है, जब है ही तेरा नहीं ।

कोई कह दे कि मैंने इतना छोड़ा है। तो छोड़े तो तब जब तेरा होता। हमारे आश्रम को क्या तुम दान कर सकते हो? तुम्हारा हक है क्या? इसलिए यह कहो कि मेरा अभिमान था, वह छोड़ दिया। मैं नाम का ख्याल जो पैदा होता है नेचर से, जो नींद में चला जाता है ये प्रकृति जन्य है; यह मैं नहीं हूँ।

मैं नहीं मेरा नहीं यह तन किसी का है दिया ।
जो भी मेरे पास है वह धन किसी का है दिया।।

चिंतन का विषय

एक बहुत बड़े चिंतक थे, वे यह कहते थे, ‘ईश्वर ने मनुष्य नहीं बनाया मनुष्य ने ईश्वर बनाया’। हो सकता है जिन ईश्वरों को बनाया है तुम लोगों ने, बना लिए हैं पूजा के लिए, वह ईश्वर नहीं है! ईश्वर है ही वह जिससे दुनिया हुई है। हम नाम नहीं लेते उसका, इस्लाम भी उसका नाम नहीं लेता, अल्लाह कहता है, खुदा कहता है। हम ईश्वर उसे कहते हैं जिससे दुनिया पैदा हुई है। वह ईश्वर है जिसको मनुष्य ने पैदा किया है। वह मंदिर हो सकता है, वह मूर्ति हो सकती है, पूजा पद्धति हो सकती है, ईश्वर को किसी ने पैदा नहीं किया, ईश्वर ही है जिसमें दुनिया पैदा हुई है और ईश्वर से आज भी पैदा होती है। और फिर बता दें, हम अपने वेद के मंत्र बताते हैं, हम बड़ी दृढ़ता से बताते हैं – – 
यतो वा इमानि भूतानि जायंते 
जिससे यह सारी सृष्टि पैदा हुई है, येन जातानि जिसके द्वारा यह पैदा की गई है, जीवंति अर्थात जिसमें यह जीवित रहती है उसे ब्रह्म कहते हैं। उसे जानो जिससे सृष्टि पैदा हुई है, जिसमें रहती है और जिसमें अंत में लीन हो जाती है! उसको ईश्वर कहते हैं।
कोई व्यक्ति ईश्वर क्यों नहीं है? क्योंकि यह हो सकता है कि दो- एक बच्चों को पैदा कर भी दे…… यहां बहुत लोग हैं माता-पिता जिन्होंने पैदा किया है लेकिन नौ महीने मां के भरोसे था। थोड़े दिन तक दूध पीकर जिया नहीं तो मर जाता। लेकिन अब माँ- बाप मर गए और वह जिंदा है। ज्यादातर सबके मां-बाप, बाबा मर गए लेकिन बेटे हैं, नाती हैं। भगवान ऐसा नहीं है कि उसने पैदा किया और वह बूढ़ा होकर मर गया और दुनिया चली गई। ईश्वर था, है, और रहेगा! दुनिया उसने पैदा की है। आज भी वही पैदा कर रहा है। 

भगवान ऐसा नहीं है कि उसने पैदा किया और वह बूढ़ा होकर मर गया और दुनिया चली गई। ईश्वर था, है, और रहेगा! दुनिया उसने पैदा की है। आज भी वही पैदा कर रहा है। यह गलतफहमी है कि पैदा करते दिखाई नहीं देता। जो लोग बिना समझे ईश्वर की बात करते हैं उनका में खंडन भी करता हूं। राम ही लोग खिलौना माना ईश्वर कोई तुम्हारा खिलौना है? जैसे बच्चे खेल लेते हैं, कुछ  बना लेते हैं ऐसे ही तुमने ईश्वर मान लिया और जब मन का नहीं हुआ तो फेंक दिया। यह ऐसी कहानी है कि समय लूंगा तो बढ़ जाएगी। आप ठाकुर जी को मानते हो पर नाराज हो जाओ तो फेंक देते हो। एक यादव जी थे उनकी भैंसे खो गई। बहुत मनाया ठाकुर जी को पर नहीं माने तो ठाकुर जी को तालाब में फेंक दिया। मैं यह नहीं कहता कि पूजा ना करो करो पर यह हमारे स्वीकार किए हुए भगवान हैं। यह उनके स्वीकार किए थे, नाराज हो गए तो फेंक दिए। और संयोग की बात यह हुई कि उसकी  भैंस आ गई। अब कहने लगा तालाब में से डुबकी लगाकर ढूंढ के लाऊं ठाकुर जी को। तो कहता है ठाकुर जी को कि पहले ही ढूंढ देते तो यह दुर्दशा ना होती! तो तुम तो ऐसे भगवान मानते हो! गुरु को भी ऐसे ही मानते हो! आज मानते हो कल नाराज हो जाओगे। कईयों ने बंद कर दिया गुरु के पास जाना। तो… गुरु को तो मानते हो पर गुरु का खंडन कैसे करोगे? 

ईश्वर से गुरु में अधिक धारे भक्ति सुजान। बिन गुरु भक्ति प्रवीणहूं लहे न आतमज्ञान॥

पहले इसे समझो

पूज्य गुरुदेव कहते हैं…जब जब देह में जाओगे मरोगे। तो करना क्या है? देह में ना आना पड़े ! देह में नहीं आओगे तो नहीं मरोगे, देह में नहीं आओगे तो भ्रम भी नहीं होगा। इसलिए एक बार देहोsहम् से  शिवोsहम् की यात्रा करनी ही पड़ेगी और वह बड़ी यात्रा नहीं है, स्थूल – सूक्ष्म – कारण तीन शरीरों को पार करना है, तीन गुणों से पार होना है तमोगुण, रजोगुण, सतोगुण। तीन गुणों को पार करो और गुणातीत हो गए। तीन सीढियां हैं – देह का अभिमान छोड़ो, जिव का अभिमान छोड़ो और कारण का अभिमान छोड़ो। जहां जीव  लय हो जाता है गहरी नींद में, फिर आ जाता है। व्यक्त से अव्यक्त में चला जाता है। भगवान ने कहा है यह याद रखना चाहिए। भगवान ऐसे ही नहीं बोलते, वह कहते हैं – 
अव्यक्तादीनि भूतानि व्यक्त मध्यानि भारत। अव्यक्त निधनान्येव तत्र का परिदेवना ॥
पहले यह सब अव्यक्त थे तो फिर क्या हुआ? व्यक्त मध्यानि भारत और बीच में व्यक्त हो गए, दिखने लगे, बोलने लगे, बात करने लगे। भगवान ने कहा मृत्यु में क्या होता है? अव्यक्त निधनान्येव अव्यक्त हो जाते हैं।  तत्र का परिदेवना आखिर इसमें दुख की क्या बात है? अव्यक्त हो गए लेकिन जो परम सत्य है वह अव्यक्त नहीं है, वह कारण नहीं है,  कार्य व्यक्त है कारण अव्यक्त है। पर एक परमअव्यक्त है अव्यक्तात् पुरुष: पर:  व्यक्त और अव्यक्त से ऊपर कुछ है। पूरी गीता इसी पर है। बोलूंगा तो बहुत समय लगेगा पर संकेत है! स्थूल देह तो जाएगा ही लेकिन यह सूक्ष्म भी एक देह से दूसरे देह में ले जाता है, दूसरे से तीसरे में ले जाता है और इसी कारण से हमें फल भोगना पड़ता है। यदि सूक्ष्म शरीर ना होता, दूसरे देह में ना जाते।

दुनिया के सभी संप्रदाय यह तो मानते ही है कि स्थूल देह के अतिरिक्त भी एक जीव है, यह इस्लाम भी मानता है, क्रिश्चियन  भी मानता है, हिंदू भी मानता है। केवल नास्तिक नहीं मानता! नास्तिक नहीं मानता कि कोई जीव है, वह यह मानता हैं–
यावत् जीवेत् सुखं जीवेत् ऋणं कृत्वा घृतं पिवेत्।भस्मी भूतस्य देहस्य पुनरागमनं कुतः?  
जब तक जियो मौज से जियो ऋण लेकर, कर्ज लेकर घी पियो या शराब पियो, मस्ती में टाइम बिताओं , मर जाने के बाद किसने देखा है कहां जाना है!
तो……. कुछ नास्तिक लोग यह मानते हैं। कुछ बेटियों ने इसपर  ताली बजाई मुझे नहीं लगता कि उन्हें खुशी हुई, किस बात की? उनको यह बहुत अच्छा लगा यह भी अच्छी बात है, हां और यह भी लगा होगा कि खाओ पियो मौज करो आगे किसने देखा है! ठीक है? खैर आजकल तुम कॉलेज में पढ़ते हो ,यह हवा लग जाना स्वाभाविक है और जो कसर है वो राजनीति पूरा कर देगी, उनके रोज मुद्दे बदलते है। तो हम क्या कहना चाहते है? यदि देह के बाद छुट्टी हो जाती तो एक तरह की मुक्ति ही है। और यह भी बता दूं, नास्तिक का इस पर उपाय नहीं है। मैं जानता हूं, संत भी जानते हैं, कम से कम 16 बार मैं अमेरिका गया, कनाडा गया, इंग्लैंड गया और रूस गया । मैने इसलिए रूस का जिक्र करने के लिए भूमिका बनाईं! रूस में लेनिन के बाद धर्म को अफीम कहा। यद्यपि वहां योग को सम्मान है, योगाभ्यास वहां के लोग भी करते हैं, हमसे ज्यादा स्वस्थ रहते हैं। हम लोग मानते हुए भी स्वस्थ नहीं रहते। तो वे लोग नास्तिक देश में है फिर भी शरीर से स्वस्थ रहने के लिए योगाभ्यास करते हैं और मन को शांत रखने के लिए ध्यान भी करते हैं। वहां योग के लगभग 16 सेंटर है। मेरी 15  पुस्तकों का रशियन लैंग्वेज में अनुवाद हुआ है। और नास्तिक होने के बाद भी भारत में वे आते हैं, यहां शिविर में भाग लेते हैं, माने नास्तिकता भी उपाय नहीं है!

वैसे तो फ्री में सब मांग रहे हैं कि हमें मुक्ति मिल जाए। यदि कुछ को मिल भी जाए तो रोएंगे क्योंकि हमें मालूम है कि इन्हें अभी मुक्ति चाहिए ही नहीं। जैसे, कई छोटे बच्चे मचलते हैं कि मेरी शादी करा दो, मेरी शादी करा दो। अब वह शादी करके करेगा क्या? बस, उसने तो सुना है कि शादी होती है इसलिए मांग बैठा। आपके मोक्ष की इच्छा भी कुछ ऐसी ही है। आता- जाता कुछ है नहीं, बस मुक्ति हो जाए। मेरा-तेरा छोड़ना नहीं चाहते हो, राग-द्वेष छोड़ना नहीं चाहते हो, पर मुक्ति चाहते हो। काहे की मुक्ति ? क्या बिना पात्रता के मुक्ति मिलती है? और क्या बिना पात्रता की मुक्ति टिकती है ? पहले इस को समझो।

कौन? जो हमेशा है!

उलझना मत किनारों में, किनारे छूट जाते हैं। जो छूट जाते हैं उनका भरोसा क्या है? आप तो जो छूट जाते हैं उन्हीं के लिए आशीर्वाद मांगते हो कि स्वामी जी इसको बनाए रखना। ये बकरे की मां कब तक खैर मनाएगी? यदि दुष्ट नहीं काटेंगे तो भगत मनौती करके देवी यहाँ काटेंगे। दुष्ट तो बकरों के दुश्मन हैं ही पर ये देवी भगत क्या हैं? यहाँ मुझे अपनी एक कहानी याद आ गई। मेरी मां की संतान होकर मर जाती थी। आप हँसेंगे कि कई पैदा होकर मर गए तब हम लोग पैदा हुए। कैसे पैदा हुए वह भी बताता हूँ। मेरी मां ने बहुत देवी-देवता मनाए। पचखोरा में एक यादव को सिद्ध बाबा आते थे, उनके आशीर्वाद से हुए। इसलिए बड़े भाई का नाम सिद्ध गोपाल रखा। इस वर्ष (सन् 2010) वो भी नहीं रहे। उनके बाद एक और हुए, फिर मैं हुआ। मेरे बाद एक और हुआ वह भी मर गया। अब देखो, हम लोग आशीर्वाद से हुए । उन्होंने मेरी माँ को आशीर्वाद दिया कि राम- लक्ष्मण की जोड़ी होएगी। और सचमुच हम चार भाई हुए । अब देखिए, हम लोग सिद्धों के आशीर्वाद से हुए, तो क्या अब मरेंगे नहीं ? एक तो पहले ही जब छोटा था तब चला गया। बड़ा अब चला गया। अब दो रह गए । क्या ये दोनों बने ही रहेंगे ? मेरे कहने का अभिप्राय यह है कि कब तक ये नासमझी बनाए रखकर वरदान माँगते रहोगे? बहुत से लोग कहते हैं कि गुरु जी मेरे सर पर हाथ रख दो। अरे ! सिर पर हाथ रखवा के थोड़ा कुंडलिनी जगाते, सिर पर हाथ रखने से तुम्हें आनंद आता। पैर छूने से तुम्हें आनंद की गुदगुदी होती तो भी अच्छा था। अब कोई मेरे पैर पकड़ कर उठे नहीं तो मैं उसको क्या कहूंगा ? उसे बुरा ही बताऊँगा। कई लोग चले आते हैं, पसीने से लथपथ हैं, पसीने की बदबू आ रही है, मैं नाक सिकोड़ता हूँ; वे आशीर्वाद माँगे जा रहे हैं। मैं झूठ नहीं बोलता। मैं देना नहीं चाहता फिर भी उन्हें मिल जाए तो मैं क्या करूँ? शायद उनकी भावना का होगा, मेरी भावना का नहीं। जिंदगी को आपने समझा ही नहीं कि जिंदगी क्या है ? जिंदगी एक रहस्य है। जिंदगी का लाभ अविवेकी नहीं समझेंगे । इस नर तन का लाभ कितने ग्रंथों ने गाया है, पर कितनों ने लाभ उठाया? नर तन का लाभ है परमात्मा की खोज, सत्य की खोज।

शिवोहम

ॐ त्र्यंबकं यजामहे सुगंधिंपुष्टिवर्धनं उर्वारुकमिव बंधानान्मृत्योर्मुक्षीय मामृतात॥


मृत्युंजय! जिससे मृत्यु पर विजय होती है! मृत्यु पर विजय पाने के लिए अविनाशी को जानना बहुत जरूरी है 
पहले भी हम कह चुके हैं  अंडे के पेड़ में चढ़कर  हाथी को पत्थर नहीं फेंकना चाहिए। अरंडी के पेड़ में चढ़कर हाथी को नाराज करोगे तो वह पेड़ सहित तोड़ देगा। इस शरीर में बैठकर यदि इसी के सहारे रहे तो काल खा जाएगा। कथा चाहे भागवत की हो चाहे रामायण की, कथा वैष्णव करे चाहे सन्यासी, मृत्यु से पार जाने का रास्ता एक ही है कि देह से ऊपर उठे! अपना अहम् भाव छोड़ देहोsहम से  शिवोsहम तक की यात्रा करें। यह शरीर शव है। शरीर से तुम जिंदा नहीं हो। भ्रम है तुम्हें! शरीर तुमसे जीवित है। तुम निकल जाते हो, शरीर मुर्दा होता है। भ्रम है कि शरीर से हम जीवित है। सच्चाई यह है कि तुम से शरीर जीवित हैं पर तुम इसमें रह नहीं सकते यह भी एक सच्चाई है। चाहो भी कि हम इसमें बने रहे पर नहीं रह पाओगे, देह छोड़ना पड़ेगा। इसी को लोगों ने मृत्यु कहां है। हम लोग मृत्यु से बचने का उपाय प्रारंभिक मानते हैं और बार बार शरीर में आने जाने से बचने के लिए वास्तविक साधना  मानते हैं। इस मृत्यु से यदि बच भी जाओ तो दूसरे शरीर में जाओगे, तीसरे शरीर में जाओगे। देहोsहम से मृत्यु हैं और जीवोsहम से बार-बार मृत्यु है। फिर समझ लो, मैं किसी मत की कथा नहीं कहता, हाँ थोड़ा बहुत मत की बात करता हूं तो देह को लेकर। बाकी मेरा एक ही सिद्धांत है, देह के अभिमानी की मृत्यु होती है और जीव अभिमानी की बार बार मृत्यु होती है। एक बार इस देह में मरेंगे, दोबारा दूसरे देह में मरेंगे, तीसरी बार और देह में मरोगे। जब जब देह में जाओगे मरोगे। तो करना क्या है? देह में ना आना पड़े ! देह में नहीं आओगे तो नहीं मरोगे, देह में नहीं आओगे तो भ्रम भी नहीं होगा। इसलिए एक बार देहोsहम् से  शिवोsहम् की यात्रा करनी ही पड़ेगी।

लक्षण

आप जब लड़के से गुस्सा हुए तब थप्पड़ मारा। क्या उसके बाद आपने शांत मन से बच्चे से बात की? क्या दिन भर में कभी उसे समझाया? नहीं समझाया। तो फिर यह थप्पड़ तुम्हारा क्रोध था, प्रतिक्रिया थी। आपको जब गुस्सा न आए तब बच्चे से बात करो। क्रोध में बात ना करो। यदि क्रोध आया है तो ठंडे रहो। जब क्रोध पूरा उतर जाए तब बात करो। लेकिन जब पूरा उतर जाएगा तब आप बात ही नहीं करते । फिर कहते हो कि अब तो बात ही खत्म हो गई। हमारा आपसे उल्टा है। हमें जब क्रोध उतर जाता है तब खोज करते हैं कि इसके पीछे कारण क्या था? और आपका जब क्रोध उतर जाता है तो जानना ही नहीं चाहते कि क्रोध क्यों आया था? क्यों नहीं जानना चाहते? ऐसे ही जब आपको आनंद है तो ब्रह्म को जानना ही नहीं चाहते। जबकि तुम्हें जानना चाहिए। इसलिए धैर्य की बड़ी आवश्यकता है। खुशी में फूलों नहीं, दुःख में भूलो नहीं। जानने के लिए तैयार रहो। इसलिए कश्चित् धीरः कोई धीर पुरुष ही इस आत्मा को जान सकता है। नहीं तो खुशी में फूल जाएंगे, दुःख में भूल जाएंगे और आत्मा के जानने का समय ही निकल जाएगा। सिर्फ आत्मा का ही नहीं, सुधार का भी समय निकल जाएगा।

यदि तुम्हारे मन की एक बात कह दें, तुम्हारी प्रशंसा कर दें तो सब भूल गए। क्या यही जीवन का हित है? कोई पैर छू लिया तो क्या तुम्हारा भला हो गया? मनमानी कर ली तो क्या वह तुम्हारे लिए ठीक है? किसी को कोई प्यार कर ले जैसे कि आजकल नासमझ लड़के-लड़कियां कर रहे हैं, क्या वह बहुत अच्छा हो गया? धर्म गया,देश गया, संस्कृति गई। जानते हो इसके दुष्परिणाम ? जो चालाक होते हैं, खुशामदी लोग वे तुम्हें प्रिय लगने लगते हैं। इसलिए गहराई को देखो कि गहराई क्या है? इंद्रियों के विषय यदि प्रिय हैं तब भी प्रियता में धैर्य रखो । अप्रिय हैं, तब भी धैर्य रखो। हित क्या है, उस पर ध्यान दो। क्या सुख देने वाली हर क्रिया, हर पदार्थ, हर भोजन कल्याणकारी है? क्या दु:ख देने वाली कड़वी दवा, अस्वाद भोजन बुरे हैं? हम लोग तो यह भी कहते हैं कि ध्यान के सुख को भी मत लो।

न स्वादयेत सुखं कर्तृत्व निसंङ्ग प्रक्रिया भवेत।

ध्यान के सुख में नहीं फँसो, असंग बुद्धि वाले बनो। आपको तो उजाला हो जाए तो क्या कहते हो? बस, अभी तक बहुत गुरुओं के पास भटके पर आज अच्छे गुरु मिले। तुम्हें जादूगर मिल गया कि गुरु मिल गया? वह तो जादूगर है। आजकल जादूगरों के चेले बहुत हैं। आनंद आ जाए, प्रकाश हो जाए, आहा ! हा! उसके चेले हो गए। यह सब मुझे भी हुआ, मैं आनंद में रहा, पर शुरू से गुरुदेव ने वेदांत सुनाया था इसलिए प्रकाश गया, नाद गया, आनंद गया, क्रियाएं गई, कुंडलिनी गई, शरीर के चमत्कार गए, बहुत दुःख हुआ । फिर हम वहाँ पहुंचे जहाँ सुख -दुःख नहीं हैं। सुख- दुःख के पार गए। इसलिए कश्चित् धीरः, यदि धैर्यवान होगे तो ध्यान के सुख से भी ऊपर जाओगे नहीं तो वहीं फँसे रहोगे।

जो रोशनी देखी या दिखी, क्या वह तुम्हारा स्व है? (नहीं) । तो जो स्व नहीं है वह नश्वर है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि नश्वर कीमती नहीं है। कीमती है पर तुम्हारा स्व नहीं है। यह व्यतिरेक है, यह न रहने वाला है। ये उजाला, प्रकाश, कुंडलिनी; सब बहुत अच्छे हैं, आगे ले जाने में मदद कर सकते हैं बशर्ते गुरू अच्छा हो। नहीं तो, यही तुम को बाँधकर, पकड़कर अटका देंगे इसलिए कश्चिद्धीरः प्रत्यगात्मानमैक्षदावृत्तचक्षुरमृतत्वमिच्छन्। यदि ना मरने वाले को खोजने चले हो तो कहीं रुकना मत। खोजना है तो चल गहराई पर …….। देखो, यहाँ डूबना नहीं कहा। मैं जानकर बदल रहा हूँ
खोजना है तो चल गहराई पर,
साहिल (किनारे) के लिए बेताब ना हो।
नादाँ, ये दरिया- ए- मोहब्बत के कहीं किनारे होते हैं ?
तू कहाँ पकड़ रहा है किनारे ? कि अक्सर तुबियानी में डूब जाते हैं। निगाहें रख तू कश्ती पर ओ साहिल के तमन्नाई । निगाहें कश्ती पर रख, किनारे मत देख। किनारा देखेगा तो नाव चलाना भूल जाएगा। निगाहें रख तू कश्ती पर ओ साहिल की तमन्नाई कि अक्सर तुबियानी में डूब जाते हैं किनारा देखने वाले । और किसी को देखने वाले डूब जाते हैं । इसलिए जो भी और है, चाहे रोशनी हो या और कोई, बल्कि यह भी कहा है कि भगवान भी सामने आए तो तू कह सके कि जा तू दृश्य है, धोखा देने वाला है, ना रहने वाला भगवान है, चोखा नहीं है, धोखा है। चोखा भगवान तो तेरे साथ है, अंग- संग है। जो मिलता है वह बिछड़ जाता है। मिलकर बिछड़ जाने वाला भगवान भगवान नहीं है। इसलिए धैर्य रखो, जल्दी खुश मत होओ। जल्दी लक्ष्य को पा लें; ऐसा मत सोचना।धीरे-धीरे चलते जाओ। धीरे- धीरे, चलते -चलो, चलते-चलो।