Date Archives December 8, 2020

मन या मौन

जब तक ध्यान में नहीं डूबेंगे तब तक कितने भी उत्तर मिल जाएं ।समाधान नहीं होगा ।

मौन जब पूर्ण होता है तो मन होता ही नहीं। मन की अवस्था का सवाल नहीं है। मौन का अर्थ है मन की मृत्यु। वहाँ मन नहीं है। वहाँ जो रह गया है उसी को हम आत्मा कहते हैं। तो मौन, मन की अवस्था नहीं है। मौन है मन की मृत्यु, मौन है मन का विलीन हो जाना।

• जैसे सागर में लहरें हैं , कोई हमसे आकर पूछे कि जब सागर शान्त होता है तो लहरों की क्या अवस्था होती है, तो हम क्या कहेंगे? हम कहेंगे, जब सागर शान्त होता है तो लहरें होती ही नहीं। लहरों की अवस्था का सवाल नहीं। सागर अशान्त होता है, तो लहरें होती हैं। असल में लहरें और अशान्ति एक ही चीज के दो नाम हैं। अशान्ति नहीं रही तो लहरें नहीं रहीं। रह गया सागर।

मन है अशान्ति, मन है लहर। जब सब मौन हो गया तो लहरें चली गईं, विचार चले गये, मन भी गया, रह गया सागर, रह गई आत्मा, रह गया परमात्मा।

• परमात्मा के सागर पर मन की जो लहरें हैं वे ही हम अलग-अलग व्यक्ति बन गये हैं। एक-एक लहर को अगर होश आ जाये तो वह कहेगी “मैं हूँ!” यह हमारी एक-एक मन की अशान्त लहरों का जोड़ है। ये लहरें विलीन हो जायेंगी तो आप नहीं रहेंगे, मन नहीं रहेगा। रह जायेगा परमात्मा, रह जायेगा एक चेतना का सागर।

• परिपूर्ण मौन, मन की अवस्था नहीं, मन की मृत्यु है। जैसे-जैसे हम मौन होते हैं वैसे-वैसे हम मन के पार जाते हैं। जितना ज्यादा हम विचार से भरे होते हैं उतना हम मन के भीतर होते हैं, जितना विचार के बाहर होते हैं उतना मन के बाहर होते हैं।

• तो ऐसा मत पूछिये कि उस समय मन की अवस्था कैसी है। अगर मन की कोई भी अवस्था है तो अभी मौन नहीं हुआ। जब मौन होगा तो मन नहीं होगा। जहाँ मन है वहाँ मौन नहीं, जहाँ मौन है वहाँ मन नहीं।

मैं चैतन्य हूँ

अब एक शर्त है कि पहले यह जो “मैं” चेतन है, इस चेतनता को जागृत रखूं ; क्योंकि मैं जागृत में ही मिल सकता हूं। यद्यपि मैं सुषुप्ति में देह से संबंध नहीं रखूंगा; परंतु नींद मुझे इतना दबोचेगी कि मुझे अपना ही होश नहीं रहेगा। ब्रह्म का होश कौन करेगा? ब्रह्म का होश, ब्रह्म में स्थित होने का एहसास मैं नींद में कैसे कर सकूंगा?—यद्यपि जब जीव को नींद आ जाती है तब जगत से संबंध टूट जाता है और नींद में ब्रह्म निरीह होता है। परंतु ऐसा ब्रह्म होने से क्या लेना – देना?—यदि नींद में ब्रह्म मिला तो जागृत में भी तो ब्रह्म से ही मिला है। ब्रह्म से अलग तो जीव हो ही नहीं सकता।
जागृत में चेतना की जो दिशा दृश्य की ओर है; वह चेतन की ओर हो जाए। अर्थात चेतन जीव चेतन आत्मा में है, ऐसा ख्याल करें। “मैं” जो हूं निर्विकार चेतन में हूं, “मैं” निराकार चेतन में हूं, “मैं” अनादि – अनंत चेतन में हूं, “मैं” संसार में रहने वाले ब्रह्म चेतन में हूं। मेरा निवास “ब्रह्म” में है, “चैतन्य” में है और मैं चेतन रहकर ही यह जानूं।
यह ध्यान रहे कि जिस समय आप चेतन नहीं रहेंगे, नींद में हो जाएंगे तो खो देंगे। इसीलिए मैं चेतन रहकर यह जान लूं फिर मुझे नींद आये, कोई हर्ज नहीं। नींद तो आएगी, नींद का विरोध भी नहीं है। बस, आप जागृत अवस्था में अपने को चैतन्य हुआ अनुभव करें। इसीलिए हम चेतन को अपना धाम मांगते हैं। जहां रहा जाए, उसे क्या बोलते हैं? धाम या घर। वैष्णव लोग परमात्मा को भी धाम कहते हैं। “अहं ब्रह्म परं धाम” यहां ब्रह्म को परमधाम कहा गया है। जो परमधाम है, उसमें मैं रहूं। जो परम चेतन है, जो अखंड चेतन है, उस चैतन्य में रहता हुआ अनुभव करूं। मैं चैतन्य में हूं, देह में नहीं।