एक चेतना है, एक चेतन है। यह आखिरी सूत्र है – चेतना और चेतन चेतना में परिवर्तन है। और भगवान कृष्ण ने गीता में कहा है, लोग तो पढ़ते- पढा़ते हैं पर गीता का मुख्य विषय क्या है? इच्छा द्वेष: सुखं-दुखं संघात्श्चेतना धृति।। यह चेतना भी प्रकृति का विकार है। शुद्ध चेतन नहीं चेतना! चेतना प्रकृति से मिली हुई चैतन्यता है इसलिए उसमें जगना है, सोना है, होश है, बेहोश है, कॉन्शसनेस है, सब कॉन्शसनेस है, अनकॉन्शसनेस है। पर चेतन कभी अनकॉन्शियस नहीं होता और साक्षी को, चेतन को चेतन रखने के लिए कोई प्रयत्न नहीं है, प्रयत्न चेतना को ही बनाए रखने का है।और चेतना बनाए रखने का एक अभ्यास करना चाहिए। समाधि क्या है? चेतना को देर तक बनाए रखना। और कुछ बनाए रखना नहीं! ख्याल बनाए रखना नहीं, देह ख्याल में बनाए रखना नहीं, चेतनता बनाए रखना! श्वास चलाए रखना नहीं, चेतनता बनाए रखना, श्वास रहे ना रहे, चले ना चले! स्मरण में कुछ बनाए रखना नहीं, स्मरण में कुछ रहे ना रहे पर आप चेतना बनाए रखना! अभी क्या करते हो? चेतना में कोई चीज रखते हो, चाहे मंत्र ही रखते हो पर जब मंत्र चला जाता है तो कहो आप बेखबर हो गए थे, मंत्र भूल गए थे। तो…. मंत्र को तो भूल जाओ मंत्र को याद रखना ही नहीं। हां मंत्र को रखने की इसलिए जरूरत है कि आप समझ सको कि मंत्र गया या चेतना गई? मंत्र से चेतना चली गई, चेतना से मंत्र चला गया या चेतना ही चली गई? यह फर्क समझो! चेतना से स्मृति चली गई, चेतना नहीं! क्योंकि मंत्र आप को दिया गया है इसलिए इस बात से आप परेशान हो जाते हो कि मंत्र भूल जाते हैं, मन और कहीं चला जाता है! तो यदि मंत्र चेतना से चला गया और चेतना में कुछ और आ गया तो चेतना है कि चली गई? तो आप चेतना नहीं रखना चाहते आप का मंत्र रखना आप चेतनता समझते हो। गुरु ने मंत्र देकर फंसा दिया। इसीलिए विपश्यना वाले मंत्र भी नहीं जपने देते क्योंकि एक झंझट तुम्हें दे दी, एक बीमारी दे दी कि हमारा मंत्र चला जाता है! यदि मंत्र चला गया, आपके ध्यान में घर आ गया तो चेतना चली गई क्या? तो  चूकिं आप चेतना नहीं रखना चाहते, मंत्र रखना चाहते हो इसलिए दुखी हो गए कि मेरे ध्यान से मंत्र चला गया, मेरे ध्यान में घर आ गया। हम ना तो घर रखने को कहते हैं ना तो मंत्र रखने को कहते हैं और ना भगवान रखने को कहते हैं। हम कहते हैं आप चेतना को रखो! मंत्र रहे तो रहे, जाए तो जाए; घर आए तो आए, घर जाए तो जाए; ना हमें घर रखना है, ना मंत्र रखना है, ना कोई और रखना। हमें चेतना रखनी है! पहली साधना चेतना को रखो और कुछ नहीं!!

(Visited 243 times, 1 visits today)
Share this post

2,487 Comments